रविवार रात नगर के मुख्य बाजार में आग लग गई। पंतनगर और रुद्रपुर से आई फायर ब्रिगेड ने सु़बह सात बजे आग बुझाने पर काबू पाया, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
नगर के मुख्य बाजार में तहसील गेट के सामने किशन लाल मदान की मदान एग्रीकल्चर स्टोर व उसके बराबर में मनमोहन साइकिल स्टोर हैं। बताते हैं कि रात लगभग 10 बजे दोनों दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर घर गये थे।
रात साढ़े 12 बजे मेन बाजार में चौकीदार ने मनमोहन साइकिल स्टोर की दुकान से आग की लपटें निकलती देखी तो उसने किसी तरह दुकान स्वामी को सूचना दी।
खबर मिलने पर चेयरमैन महेंद्र चावला, रिंकू लूथरा,सचिन चावला, नन्द किशोर अरोरा, दुकान स्वामी किशन मदान, मदन मोहन मदान, जोगेंद्र मदान, बल्देब मदान, मनमोहन सिंह समेत बड़ी तादाद में लोग मौके पर पहुंच गये। लोगों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
आग ने थोड़ी ही देर में पड़ोस की मदान एग्रीकल्चर स्टोर की दुकान को अपनी लपेट में ले लिया। चूंकि यह दुकान बान रस्सी व रैक्सीन आदि के सामान की थी। आग लगते ही पेट्रोल की तरह धधकनी शुरू हो गई।
सूचना पर रात लगभग 2 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची बाद में आग का विराल रूप देख रुद्रपुर और पंतनगर से दो अन्य फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गई, लेकिन आग पर बढ़ती ही जा रही थी।
फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां आने के बावजूद आग पर सुबह सात बजे काबू पाया जा सका। आग से दुकानों में रखा कुछ भी सामान बचाया नही जा सका।
आग से दोनों दुकानों में कई लाखों का नुकसान होने की आशंका है। आग की घटना का अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शार्ट सर्किट से लगी होगी।