गूलरभोज। रेलवे ट्रैक पर अर्थिंग को रेलवे ट्रैक पर रखने के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जीआरपी के लालकुआं जीआरपी इंचार्ज त्रिभुवन जोशी को जांच अधिकारी बनाया गया है। जीआरपी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गूलरभोज रेलवे यार्ड के तहत स्टेशन से लगभग 300 मीटर दूर उत्तर पश्चिम की ओर मंगलवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने पोल संख्या 38 और ठंडा नाला के बीच में रेल पटरियों से लगी लोहे की अर्थिंग पत्तियों को ट्रैक टू पर रख दिया था। जानकारी मिलने पर लालकुआं और काठगोदाम से आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच अर्थिग पत्तियों को वहां से हटाया था। जीआरपी के एसओ काठगोदाम नरेश कोली ने बताया कि विभाग ने रेल अधिनियम 150 क के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। डंप डाटा की कार्रवाई की गई है। मोबाइल फोन के 120 नंबर ट्रैक किए गए हैं। इन नंबरों की जांच की जा रही है, संदिग्ध नंबर मिलने पर पूछताछ की जाएगी। जीआरपी लालकुआं के इंचार्ज त्रिभुवन जोशी को इसका जांच अधिकारी बनाया गया है।
जांच अधिकारी त्रिभुवन जोशी ने बुधवार को घटनास्थल पहुंच रेलवे मेट आशीष स्टेंटिंग, की मैन रामभरोसे सहित अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। बताया कि ट्रैक पर गश्त भी कराई जाएगी। संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।