काशीपुर। शिक्षकों की उदासीनता के चलते विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा भगवान भरोसे बनी हुई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही एक वीडियो में विद्यार्थी विद्यालय की छत पर चढ़कर खेलते नजर आ रहे हैं जबकि छत पर जाने की अनुमति नहीं है। विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच के भी निर्देश दिए हैं।
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुई। यह अलीगंज रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय फसियापुरा की बताई जा रही है। इसमें चार-पांच छात्र-छात्राएं स्कूल की छत पर चढ़कर खेलते नजर आ रहे हैं। इससे वह असुरक्षित दिखाई पड़ रहे हैं। यह अभिभावकों के लिए चिंताजनक है।
सूचना मिलते ही सीआरसी अमरीश कुमार विद्यालय पहुंचे। उन्होंने विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका से मामले की जानकारी ली। खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि वीडियो के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली है। सीआरसी भेजा गया है। जांच आख्या प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।