सितारगंज राजकीय महाविद्यालय में आमरण अनशन पर बैठे छात्र।
- फोटो : SITARGANJ
सितारगंज/खटीमा। चार सूत्री मांगों के लिए राजकीय महाविद्यालय सितारगंज में छात्रों का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अनशन पर बैठे तीनों छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान तीनों छात्र स्वस्थ पाए गए। वहीं, खटीमा में पांच सूत्री मांगों के लिए एचएनबी पीजी कॉलेज में छात्रों की भूख हड़ताल जारी रही।
शनिवार को सितारगंज में एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और छात्र संघ सचिव देवेश कुमार, छात्र उपाध्यक्ष अंकित गोयल और एबीवीपी अध्यक्ष अमित बोरा ने आमरण अनशन किया। देवेश ने आरोप लगाया कि दो दिन से अनशनरत हैं लेकिन अब तक प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली है। अंकित गोयल ने परीक्षाओं से पूर्व ऑफलाइन कक्षाएं संचालित कराने की मांग उठाई। महाविद्यालय के छात्र संपादक रहे परवेज पटौदी ने भी अनशन का समर्थन किया है। इधर, एचएनबी पीजी कॉलेज में शनिवार को छात्र नेता तारिक खान और अनिल ज्याला की भूख हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। छात्र स्नातक प्रथम वर्ष में सभी विद्यार्थियों को प्रवेश देने, नए सत्र में महाविद्यालय में एमकॉम व एमए भूगोल की कक्षाएं संचालित करने सहित पांच सूत्री मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। वहां पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीरज कन्याल, हफीज अंसारी, आसिफ अंसारी, चांद अंसारी, अशरफ अंसारी, जतिन कुंवर, रोशनी कन्याल, सिमरन सक्सेना आदि थे।