एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल को डाक्टर विहीन करने और पीपीपी मोड में देने की तैयारी के विरोध में पंजाबी सभा के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी को काले झंडे दिखाए।
शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी देहरादून से नैनीताल जाते समय कु छ समय के लिए लोनिवि विश्राम पहुंचे थे। स्वास्थ्य मंत्री के कार से उतरते ही पंजाबी महासभा के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री वापस जाओ के नारे लगाते हुए काले झंडे दिखाए। इस दौरान पुलिस की कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में स्वास्थ्य मंत्री विश्राम गृह में गए। काले झंडे दिखाने वालों में पंजाबी सभा के अध्यक्ष राजू सेठी, युवा अध्यक्ष मुकेश चावला, मनोज जग्गा, बिट्टू राणा, मनोज आदि शामिल थे।
उधर, पंजाबी महासभा के कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री को वापस जाते समय गेस्ट हाउस से बाहर निकलते ही दोबारा घेर लिया। काशीपुर सरकारी अस्पताल में डाक्टर नहीं होने और अस्पताल को पीपीपी मोड में देने के बारे में पूछा। इस पर मंत्री भड़क गए बोले-बात करने का तरीका होता है। इस पर कार्यकर्ता भड़क गए और मंत्री भी गुस्से में आ गए। यह देख कांग्रेस कार्यकर्ता ने स्थिति संभाली। लेकिन एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने गाली दे दी। इस पर दोनों पक्षों में नोंकझोंक और धक्का-मुक्की शुरु हो गई। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अनुपम शर्मा ने दोनों पक्षों को समझाकर अलग-अलग किया।