नानकमत्ता। बंदी छोड़ दिवस पर नानकमत्ता साहिब में लगने वाले दीपावली मेले के लिए मंगलवार को पुलिस प्रशासन के साथ गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बैठक हुई। इसमें मेले को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण के साथ विभिन्न निर्णय बिंदुओं पर चर्चा की गई।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यालय में प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह की अध्यक्षता व खटीमा सीओ नीरज सेमवाल की मौजूदगी में बैठक हुई। बैठक में मेले के दौरान मेला क्षेत्र में यातायात नियंत्रण के लिए गुरुद्वारा साहिब को आने वाले डेरा कार सेवा मार्ग, टुकड़ी मार्ग, रोडवेज मार्ग तथा बाजार मार्ग पर बैरियर लगाने के साथ पुलिस व सेवादार तैनात करने का निर्णय लिया गया।
मेले में आने वाले श्रद्धालु के स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने, मेले के दौरान 24 घंटे विद्युत सप्लाई सुचारू रखने के लिए मेला क्षेत्र में अस्थायी रूप से ट्रांसफार्मर लगाने, पेयजल आपूर्ति के लिए जगह-जगह टंकी तथा पेयजल टैंक से भी आपूर्ति बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
मेला क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के लिए नगर पंचायत की ओर से पर्यावरण मित्रों की तैनाती के साथ समय-समय पर चूने व ब्लीचिंग पाउडर डालने का निर्णय लिया गया। वहां नायब तहसीलदार नरेंद्र गहतोड़ी, कमेटी के सचिव हरभजन सिंह, डायरेक्टर देवेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह पन्नू, गुरवंत सिंह, हरभाग सिंह, प्रकाश सिंह, रिसपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, मेला कोतवाल अनवर अहमद, कृपाल सिंह पटवाल, चिकित्साधिकारी डॉ सचिन प्रकाश, डॉ इब्राहिम बेग, जल संस्थान के जेई संजीव नाथ गोस्वामी, ऊर्जा निगम के जेई कपिल सैनी आदि थे।