नानकमत्ता में अमावस्या पर्व पर सजे धार्मिक दीवान में संगत को इतिहास सुनाता कविसरी जत्था।
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के दरबार में मत्था टेक गुरु महाराज से सुख शांति की अरदास की। इस उपलक्ष्य में सजे धार्मिक दीवान में पंथ के प्रसिद्ध धर्म के ज्ञानियों ने संगत को निहाल किया। श्रद्धालुओं ने डेरा कारसेवा पहुंच संतों से आशीर्वाद ग्रहण किया।
रविवार को श्रावण मास की अमावस्या के चलते सुबह से ही श्रद्धालु गुरुद्वारा परिसर में आने लगे थे। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगा पवित्र पंजा साहिब की परिक्रमा की तथा घी के जोत जलाए। श्री हरमिंदर साहिब में सजे धार्मिक दीवान में महल सिंह मस्त, सलविंदर सिंह तथा सादा सिंह के कविसरी जत्थों के साथ ही हजूरी रागी तथा कथावाचकों ने संगत को गुरुओं की वाणी और इतिहास सुनाकर निहाल किया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक डेरा कारसेवा पहुंच डेरे के संत बाबा बचन सिंह से आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दौरान अटूट लंगर चला। वहां बाबा तरसेम सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य कुलदीप सिंह पन्नू, अमरजीत सिंह, जरनैल सिंह, किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, गुरुद्वारा प्रबंधक रणजीत सिंह, रंजीत सिंह ढिल्लों, दिलबाग सिंह, दारा सिंह आदि थे।