Fund for Rural Housing in Us nagar
रुद्रपुर। प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत गरीबों के आशियाने के साथ अब उन्हें साज सज्जा और बर्तन खरीदने के लिए भी रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बाद शासन ने जीओ जारी कर दिया है। राज्य में यह व्यवस्था अब लागू हो गई है। गरीबों को एक लाख 30 हजार रुपये, मनरेगा में 95 दिन की दिहाड़ी (19380 रुपये) और पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में वर्ष 2020-21 में जिले के 2194 लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 60 हजार रुपये उनके खाते में डाल दिए गए हैं। पूरा मकान बनते-बनते लाभार्थियों को पूरे एक लाख 30 हजार रुपये दिए जाते हैं। अगर कोई ग्रामीण अपने मकान बनाने के लिए मनरेगा से मजदूरी लेता है तो 95 दिन के अनुसार लाभार्थियों को मनरेगा से 19 हजार 380 रुपये भी दिए जाते हैं। घर बनाने के साथ ही मजदूर को मेहनताना भी मिल जाता है।
हाल ही में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घर बनने के साथ ही उन्हें साज सज्जा व बर्तन खरीदने के लिए भी रुपये देने की घोषणा की गई थी। उसके बाद शासन की ओर से वर्ष 2020-21 के लाभार्थियों को पांच हजार रुपये अतिरिक्त रुपये देने का जीओ जारी किया गया है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में कुल 2021-22 तक 3126 लाभार्थियों को जिले में घर बनाने का लक्ष्य दिया गया है। इनमें से 932 परिवार भूमिहीन हैं। जिले के सभी एसडीएम की ओर से भूमि की खोज की जा रही है।
इस वर्ष के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में एक लाख 30 हजार रुपये के साथ ही पांच हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा का जीओ राज्य में जारी कर दिया गया है। गरीब लोग इन रुपयों से घर की साज सज्जा या फिर बर्तन आदि भी खरीद सकते हैं। -हिमांशु जोशी, परियोजना निदेशक, डीआरडीए।