काशीपुर। बिजली का तार लगाने को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर निवासी दर्शन सिंह ने कुंडा थाना पुलिस को तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि उनके घर के पास लगे बिजली के पोल से घर को बिजली का तार जा रहा है। बीती 16 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे सतपाल सिंह ने उसका बिजली का तार निकाल दिया। जब उसने तार लगाने के लिए कहा तो सतपाल सिंह, उसका बेटा मनोज, विजय व निर्देश और रिश्तेदार अरविंद ने अभद्रता करना शुरू कर दिया।
जब उसने विरोध किया तो एक आरोपी ने धारदार हथियार से उनके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे उसके बेटे गौरव, सौरभ व हर्ष के साथ भी हमलावरों ने मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल दर्शन सिंह को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सतपाल सिंह, मनोज, विजय, निर्देश व अरविंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद