रुद्रपुर कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते जिले के प्रभारी मंत्री प्रकाश पंत।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के वित्त एवं पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने बुधवार को जिला योजना, राज्य योजना, बाह्य सहायतित योजना एवं केंद्र पुरोनिधानित योजनाओं की समीक्षा की। कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंत ने विकास योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।
कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए पंत ने कहा केंद्र पुरोनिधानित योजनाओं एवं बाह्य सहायतित योजनाओं पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। हमें पांच साल का रोडमैप बनाकर प्रदेश का विकास करना है। जिले में उन योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए, जिन योजनाओं से अधिक जनता लाभान्वित हो सके। पंत ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता का विशेष ध्यान रखें। पिछले वर्ष लोनिवि की जितनी भी योजनाओं पर कार्य हुआ है, जिन पर कार्य चल रहा है एवं जिन योजनाओं पर कार्य शुरू नहीं हुआ है, उनकी सूची डीएम को दिलाएं। प्रभारी मंत्री ने पेयजल निगम के अधिकारियों से हैंडपंपों की बोरिंग मानकों के अनुसार करने को कहा।
उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से लोगों को सब्सिडी पर एलईडी बल्ब उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही जिले में सोलर ऊर्जा प्लांट लगाने पर भी जोर दिया। जिले में नहर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में कमी की शिकायत पर उन्होंने नहर निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिये। कहा कि नहर निर्माण कार्यों की जांच हेतु कमेटी का गठन किया जाय। वित्तीय अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। पंत ने मनरेगा के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को कराने के साथ-साथ बड़े तालाबों का निर्माण कर मत्स्य पालन के बढ़ावा देने के निर्देश भी दिये।
साथ ही पेंशन योजनाओं में लोगों के आधार नंबर बैंक खाते से लिंक कराने हेतु तहसील स्तर पर कैंप लगाने, लोगों को सब्सिडी पर अधिक से अधिक पॉलीहाउस लगवाने को भी कहा। बैठक मे डीएम डॉ. नीरज खैरवाल विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, हरभजन सिंह चीमा, सीडीओ आलोक कुमार पांडे, एसएसपी सदानंद दाते, एडीएम प्रताप सिंह शाह, इला गिरी आदि भी थे।