काशीपुर/जसपुर। मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता पर हुए हमले के विरोध में किसान एकजुट नजर आए। उन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम दफ्तर में सौंपा।
भाकियू के जिला महासचिव ने बताया कि दो मई को पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हिंदू संघर्ष समिति की ओर से जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया था। रैली में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का भारी भीड़ ने विरोध करते हुए धक्कामुक्की कर दी। इससे किसानों ने आक्रोश है। केंद्र एवं राज्य सरकार पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करे। किसानों ने चेताया कि यदि कार्रवाई में देर हुई तो किसान जिला एवं राज्य स्तर पर आंदोलन को बाध्य होगा। जसपुर में मंडी परिसर में एकत्र भाकियू के किसानों ने आक्रोश जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में दिया। वहां पर प्रेम सिंह सहोता, मुख्तार सिंह घुम्मन, दीदार सिंह, निशान सिंह, जागीर सिंह, चौधरी किशन सिंह, शीतल सिंह, रंदीप आदि थे।