रुद्रपुर। काशीपुर रोड से बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन ने एनएचएआई की अधिग्रहित जमीन से कब्जा हटाया। सड़क के सेंटर से 24 मीटर तक की जमीन खाली कराकर एनएचएआई को सौंप दी गई। इस दौरान एसपी सॉल्वेंट प्राइवेट लिमिटेड का पक्का निर्माण बुलडोजर से तोड़ा गया।
काशीपुर रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ा करने के लिए एनएचएआई ने पहले ही जमीन का अधिग्रहण किया था। इसके बावजूद एसपी सॉल्वेंट ने वहां से निर्माण नहीं हटाया था। प्रशासन और एनएचएआई ने संबंधित पक्ष को पहले तीन से चार नोटिस दिए थे। बुधवार को अंतिम नोटिस जारी कर बृहस्पतिवार को कार्रवाई की सूचना दी गई थी। बृहस्पतिवार को एसडीएम रुद्रपुर हिमांशु कफल्टिया के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। वहां एनएचएआई के अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे। टीम ने जेसीबी से पक्का निर्माण हटाकर जमीन का कब्जा एनएचएआई को दिलाया। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि यह सामान्य अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं बल्कि एनएचएआई की अधिग्रहित जमीन का कब्जा दिलाने की प्रक्रिया है। बुधवार को अंतिम नोटिस के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और विकास कार्यों में रुकावट बन रहे अन्य निर्माणों को भी चिह्नित किया जाएगा।