जसपुर में हाथी द्वारा रोदी गई बाईक।
- फोटो : KASHIPUR
जसपुर। गश्त कर लौट रहे वन दरोगा की बाइक पर हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में बाइक के नीचे दबकर वन दरोगा घायल हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पतरामपुर से सटी यूपी की अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज की मकौनिया वन चौकी पर तैनात वन दरोगा अकबर अली शनिवार की शाम कक्ष संख्या 15 में गश्त कर बाइक से वन चौकी लौट रहे थे। मकौनिया गेट के पास उसकी बाइक के सामने अचानक हाथी आ गया। हाथी ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे वह असंतुलित होकर बाइक समेत नीचे गिर गए। बाइक में दबने से वह चोटिल हो गए। चोट लगने के बावजूद भी वह दूर तक दौड़े और पेट के बल रेंगते हुए झाड़ियों के अंदर छुप गए। इस दौरान हाथी उनकी बाइक को रगड़ता रहा। उन्होंने अपने मोबाइल से कॉल कर घटना की सूचना वन विभाग की चौकी पर दी। सूचना पर वहां तैनात कर्मी नैन सिंह और मंसूर मलिक राइफलें लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। वनकर्मियों ने फायर कर हाथी को वहां से खदेड़ा। निजी अस्पताल में भर्ती वन दरोगा की हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है।