काशीपुर में टावर लगाने का विरोध करते लोग।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। बगैर अनुमति एक मोबाइल कंपनी का टावर लगाए जाने का कालोनी वासियों ने विरोध किया। लोगों ने टावर का सामान ट्रक से नहीं उतरने दिया। मजबूरन चालक को सामान उतारे बगैर ट्रक लेकर लौटना पड़ा। रविवार की सुबह जसपुरखुर्द वार्ड नंबर तीन में कुछ लोगों ने पार्षद अनिल कुमार को सूचना दी कि कुंडेश्वरी मार्ग पर बांसियोवाला मंदिर गेट के पास एक मकान के दुमंजिले में प्रधानमंत्री कौशल योजना प्रशिक्षण केन्द्र चलता है। मकान मालिक इस केंद्र की छत पर बगैर अनुमति के मोबाइल टावर लगा रहा है। पार्षद अनिल के नेतृत्व में कई लोग मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने वहां टावर लगाने का विरोध करते हुए सामान लेकर आए मिनी ट्रक को घेर लिया। विरोध के चलते मकान मालिक मौके से खिसक गया। पार्षद ने मिनी ट्रक को लौटा दिया। प्रदर्शन करने वालों का कहना था कि टावर से विकिरण होता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। लोगों ने बताया कि कॉलोनी में दो बार पहले भी टावर लगाने का प्रयास किया गया था जो विफल कर दिया गया। वहां पर मदन मोहन गोले, महेंद्र चौधरी, ऋषभ अग्रवाल, ओपी कोचर, शरीफ अहमद आदि थे।