जिला अस्पताल में वायरल बुखार के मरीजों का तांता लगा हुआ था। डेंगू लक्षण वाले आठ मरीज अस्पताल में आए, जिनमें एक मरीज की हालत खराब होने पर उसे डेंगू वार्ड में भर्ती कर लिया गया। अस्पताल की लैब में हुई जांच में आठ मरीजों के कार्ड टेस्ट पॉजीटिव पाए गए हैं।
शहर में डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। प्राइवेट अस्पतालों में कार्ड टेस्ट पॉजीटिव वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वहीं बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में भी बड़ी तादाद में वायरल बुखार पीड़ित इलाज कराने पहुंचे थे। फिजीशियन डॉ. एमके तिवारी के कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइनें लगी रही। दोपहर दो बजे तक 150 मरीजों को देखने के बाद भी करीब 50 मरीज लाइन में खड़े रहे। डाक्टर वार्डों में भर्ती मरीजों को देखने पहुंचे तो पीछे-पीछे मरीज भी वार्ड में पहुंच गए। डेंगू वार्ड में दीपाली (26) निवासी ट्रांजिट कैंप को भर्ती किया गया। अब कुल मिलाकर वार्ड में 6 मरीज भर्ती हो चुके हैं। डॉ. तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके पास आए करीब 150 मरीजों में से 50 मरीज वायरल बुखार वाले थे। सात मरीजों ने झोलाछाप डाक्टर की सलाह पर कार्ड टेस्ट कराया था, जो पॉजीटिव निकला था। उनकी स्थिति नार्मल थी, इसलिए उन्हें भर्ती नहीं किया गया। अस्पताल में भर्ती जिन आठ मरीजों का कार्ड टेस्ट कराया गया था, वो पॉजीटिव निकला है। दो मरीज तो जनरल वार्ड में भर्ती हैं, उन्हें शुक्रवार को डेंगू वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।