रुद्रपुर विकास भवन स्थित जिला प्रोवेशन कार्यालय में अपने फार्म ढूंढतीं छात्राएं।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। वर्ष 2017 में नंदा गौरा योजना में आवेदन करने वालीं जिले की 3402 छात्राओं के फार्म समाज कल्याण और प्रोबेशन विभाग में डंप पड़े हैं। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद छात्राओं की ओर से चार साल पहले जमा किए गए फार्म अब विभागों में पहुंचकर ढूंढे जा रहे हैं। समाज कल्याण व प्रोबेशन विभाग की ओर से 3402 छात्राओं का डाटा अब महिला एवं बाल विकास विभाग को सौंप दिया जाएगा।
सोमवार को विकास भवन कार्यालय में स्थित जिला प्रोबेशन विभाग में छात्राएं अपने फार्म ढूंढने पहुंचीं। छात्राओं ने बताया कि वर्ष 2017 में उन्होंने नंदा गौरा के फार्म जमा किए थे। अभी तक उन्हें इसका लाभ नहीं मिला। अब फार्म जमा करने अंतिम तिथि सात दिसंबर हैं। ऐसे में अगर उनका फार्म खो गया तो छात्रवृत्ति नहीं मिल पाएगी।
इधर, समाज कल्याण कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक प्रोबेशन विभाग में 2477 छात्राओं के फार्म हैं, जबकि समाज कल्याण के कर्मचारियों का कहना है कि विभाग में 925 छात्राओं के फार्म रखे गए हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि समाज कल्याण व प्रोेबेशन विभाग से छात्राओं के आवेदन फार्म की सूची मांगी गई है। पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति दी जाएगी।