सुल्तानपुर पट्टी में घटनास्थल पर पलटी ट्रैक्टर-ट्राली।
- फोटो : अमर उजाला
उप खनिज लदे ट्रैक्टर का टायर फटने से ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर खाई में जा पलटी। जिसके नीचे दबकर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार की दोपहर ग्राम परमानंदपुर निवासी ट्रैक्टर चालक अहसान अली उर्फ नन्हे (35) पुत्र पीरबक्श कोसी नदी स्थित एक निजी खनन पट्टे से उप खनिज लेकर स्टोन क्रशर जा रहा था।
कोसी बांध के हाथी कुंडा मोड़ के पास अचानक ट्रैक्टर का टायर फट गया। जिससे चालक ट्रैक्टर पर नियंत्रण खो बैठा और ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा पलटी। इसमें चालक अहसान अली की ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबकर मौत हो गई। सीओ एमसी बिंजोला, कोतवाल जीबी जोशी, पट्टी चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने लोडर से ट्रैक्टर ट्राली को उठाकर शव बाहर निकलवाया। तलाशी लेने पर मृतक की जेब से रॉयल्टी और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर काशीपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि अहसान का विवाह नौ वर्ष पहले ठाकुरद्वारा से हुआ था। अहसान के पांच पुत्र है।
इनमें अयान आठ वर्ष, रिहान छह वर्ष, उवेश चार वर्ष, जुबेर तीन वर्ष और सुहेल 3 माह का है। अहसान 5 भाई और 2 बहनों में दूसरे नंबर का था। कोतवाल ने बताया कि दुर्घटना ट्रैक्टर का टायर फटने से हुई है।