शक्तिफार्म में कांटों पर लेटते शिवभक्त सन्यासी।
- फोटो : SITARGANJ
शक्तिफार्म। पूरे चैत्र माह संन्यास व्रत का पालन करने वाले शिव भक्तों ने सुरेंद्र नगर स्थित तारकेश्वर धाम शिव मंदिर परिसर में कांटों पर लेटकर अपने आराध्य के प्रति आस्था प्रकट की। संन्यासियों के हैरतअंगेज करतब देख लोग अचंभित रह गए।
पूरे चैत्र माह संन्यास व्रत रखे शिवभक्तों की ओर से माह समाप्ति से पूर्व मंगलवार को धार्मिक कर्मकांड कांटा झाप का विशेष आयोजन किया गया। सुरेंद्रनगर स्थित बाबा तारकेश्वर धाम में संन्यासियों ने खजूर, बबूल, बेल, जंगली जलेबी समेत सात प्रकार के कांटे बिछाकर, ढोल नगाड़ों की थाप पर नंगे पांव नृत्य कर और कांटों पर लेटकर सबको अचंभित कर दिया। मान्यता है कि पूरे एक माह तक कठोर तप करने के पश्चात शिव भक्तों की ओर से भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए यह विशेष धार्मिक आयोजन किया जाता है।
यह भी मान्यता है कि भगवा वस्त्रधारी संन्यासियों को कांटों की खरोंच तक नहीं लगती हैं। संन्यासियों के इन करतबों को देखने के लिये हजारों लोग जुटे। वहां आयोजन समिति के अध्यक्ष सुमित मंडल, परेश मंडल, सुशांत राय, अनंत हालदार, राजू मिरवर, दिनेश चंद्र राय, संजीत विश्वास, कानू राय, श्याम, गणेश आदि मौजूद थे।