मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र खटीमा में महिलाओं को रोजगार देने के लिए हैंडलूम यूनिट, मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट व मसाला यूनिट के मिनी ग्रोथ सेंटर बनाए जाएंगे। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से तीनों यूनिट का एक करोड़ पांच हजार रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री का गृह विधानसभा क्षेत्र होने पर जल्द ही तीनों प्रोजेक्टों पर मुहर लगनी की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना से अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे खटीमा ब्लॉक में ग्राम्य विकास विभाग की ओर से तीन मिनी ग्रोथ सेंटर का प्रस्ताव बनाया गया है। इसमें ग्राम पंचायत नौगवाठग्गू में हैंडलूम (हथकरघा) यूनिट के लिए 33.5 लाख रुपये, ग्राम पंचायत विरिया चांदपुर में मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट के लिए 33.5 लाख रुपये व ग्राम पंचायत बनकटिया में मसाला यूनिट के लिए भी 33.5 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।
हथकरघा यूनिट में महिलाओं की ओर से बेड शीट, दरी आदि बनाई जाएंगी। इसके साथ ही मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट में गाय के शुद्ध दूध से घी, पनीर, मक्खन, बोटल मिल्क आदि बनाकर बेचे जाएंगे। मसाला ग्रोथ सेंटर में महिलाओं की ओर से खेतों में खुद उगाए गए उत्पादों का मसाला बनाकर उन्हें स्थानीय बाजार में बेचा जाएगा। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि व उन्हें रोजगार मिल सकेगा।
ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने बताया कि खटीमा की ग्राम पंचायतों में मिनी ग्रोथ सेंटर बनाने के लिए मुख्यमंत्री बीएडीपी योजना के तहत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। जल्द प्रस्ताव में मुहर लगने की उम्मीद है।