निर्माणाधीन पॉल्ट्री फार्म पर सो रहे एक युवक पर उसके दोस्त ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली युवक के कूल्हे पर जा लगी। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इधर घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
महुआखेड़ा गंज वार्ड नंबर तीन मोहल्ला आदर्श नगर निवासी नवाब अली (25) पुत्र अतीक अहमद पैगा चौकी के पास अपने निर्माणाधीन पोल्ट्री फार्म पर सो रहा था। इस दौरान उसका दोस्त फैयाज अहमद ने किसी बात को लेकर उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उसके कूल्हे में जा लगी। नवाब के शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे नवाब के बड़े भाई लईक ने उसे रामनगर रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन से गोली निकाल दी।
बताया जाता है कि नवाब पॉलीटेक्निक से सिविल इंजीनियरिंग का कोर्स कर रहा था, लेकिन उसने बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी। नवाब के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अहरपुरा निवासी फैयाज अहमद के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आईटीआई थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि नवाब और फैयाज दोनों दोस्त हैं। दोनों पोल्ट्री फार्म में सो रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर फैयाज ने नवाब पर तमंचे से फायर झोंका और फरार हो गया।