सप्ताह भर पहले सड़क हादसे में मारे गए उत्तर प्रदेश के युवक के मामले में परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि युवक का एक्सीडेंट नहीं हुआ है। उसे मारा गया है। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बीती 27 मई की रात को बमनपुरी गांव के पास एक युवक लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला था। जिसे सीएचसी ले जाने पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस युवक की मौत सड़क एक्सीडेंट में होना बता रही थी। पुलिस ने युवक की शिनाख्त नहीं होने पर 28 मई को पोस्टमार्टम कराने के बाद 72 घंटे के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस खटीमा में रखा था। अगले दिन उसकी शिनाख्त धौरेरा थाना नवाबगंज जिला बरेली निवासी कौशल शर्मा (34) पुत्र गिरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई थी।
बृहस्पतिवार को मृतक कौशल का छोटा भाई गौरव शर्मा, बहनोई आशीष शर्मा ग्रामीणों के साथ कोतवाली पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक चन्द्र सिंह बिष्ट से मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि 27 मई की सुबह गांव का ही एक युवक सिडकुल में मजदूरी के लिए कौशल को लेकर आया था और उसी रात को कौशल की मौत हो गई। तीन दिन बाद 29 की सुबह युवक ने मृतक का मोबाइल दिया था।
आरोप लगाया कि युवक का एक्सीडेंट नहीं, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस पर प्रभारी निरीक्षक बिष्ट ने मृतक के परिजनों व ग्रामीणों को जांच कराने का भरोसा दिया। कहा कि निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा। अगर, हत्या की गई है तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।