ग्राम अंगदपुर में एक विधवा की रेप के बाद गला काटकर हत्या कर दी गई। महिला का शव नग्नावस्था में एक गन्ने खेत में मिला। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
गुस्साए ग्रामीण शव को लेकर पुलिस चौकी पहुंचे और जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने हत्यारों को शीघ्र पकड़ने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम अंगदपुर निवासी विधवा (45) गांव से करीब दो किमी दूर अपने खेत पर रविवार को धान देखने गई थी। दोपहर तक उसके घर न लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता हुई।
इस दौरान किसी ग्रामीण ने उसका नग्न शव गन्ने के खेत में पड़ा होने की सूचना दी। गुस्साए ग्रामीण शव को धरमपुर पुलिस चौकी ले आए।
ग्रामीणों ने शव को चौकी के सामने रखकर महिला के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। इस बीच सीओ प्रकाश चन्द्र आर्य एवं कोतवाल डीआर आर्य भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने हत्यारों को जल्द पकड़ने के आश्वासन पर ही ग्रामीण शांत हुए और शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया। इसके बाद सीओ एवं कोतवाल ने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने पहले महिला के साथ धान के खेत में हाथापाई की और उसे किसी धारदार हथियार से घायल कर सामने गन्ने के खेत में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया होगा।
जिस ढंग से महिला की निर्मम हत्या की गई, उससे घटना में कई आदमियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। महिला की रेप के बाद गला काटकर हत्या करने की संभावना है। घटना पर मिले साक्ष्य भी इस बात को पुख्ता कर रहे हैं।
ग्राम कासमपुर गढ़ी निवासी मृतका के भाई ने बताया कि महिला के पति की 15 साल पहले सांप के काटने से मौत हो गई थी। बहन का गला पूरी तरह से कटा हुआ था। इसके अलावा उसके गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और शव नग्न हालत में था। मृतका के तीन बच्चे हैं।