ट्रेन की चपेट में आकर पत्थरचट्टा निवासी पेंटर की मौत हो गई। उसकी लाश 24 घंटे बाद रेलवे लाइन में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के मुताबिक थाना पंतनगर के पत्थरचट्टा सैनिक कालोनी निवासी महेंद्र (24) पुत्र मंगल सिंह पेंटर का काम करता था। वह अपने परिवार में दूसरे नंबर का था। जबकि उससे छोटे और भी भाई-बहनें हैं। बताया जा रहा है कि रोज की भांति ही वह रविवार की सुबह भी काम पर निकला। देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
इस पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। परेशान होकर परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को भी दी। इधर सोमवार की सुबह मोहल्ले का ही एक व्यक्ति शौच को रेलवे लाइन की तरफ गया। वहां पर महेंद्र की कटी लाश देख, उसके होश उड़ गए।
उसने मामले की जानकारी आसपास के लोगों के साथ ही पुलिस और उसके परिजनों को भी दी। पुत्र की लाश देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर एसआई जसवीर सिंह चौहान पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक महेंद्र की मौत ट्रेन की चपेट में आकर हुई है।