31 दिसंबर की रात का जश्न मनाने वाले जरा गौर फरमाएं। जश्न मनाइये खूब मनाइए लेकिन जरा संभलकर। जश्न में शराब पीकर हुड़दंग काटने वालों से पुलिस सख्ती से निपटने की तैयारी कर चुकी है। पुलिस की सख्ती से मदहोशी में शांति भंग करने वालों का नया साल जेल में भी गुजर सकता है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात दस बजे से पूरे शहर में हाइ अलर्ट रहेगा।
31 दिसंबर की रात में शहर के कई स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसके लिए पुलिस ने सभी थानों की पुलिस के साथ ही यातायात पुलिस, सीपीयू और पीएसी को भी तैयार कर लिया है। शांति व्यवस्था के लिए दिन में जहां पुलिस सभी क्षेत्रों में गश्त करेगी वहीं शाम के पांच बजे से शहर और आसपास के हर चौराहे पर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान चलेगा। इसमें सीपीयू, यातायात पुलिस और दो प्लाटून पीएसी कर्मी वाहनों की चेकिंग करेंगे। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की एल्कोमीटर से जांच की जायेगी। लाइसेंसी हथियार लेकर भी किसी आयोजन स्थल जाना प्रतिबंधित किया गया है।
दस बजे से पूरे शहर में हाइ अलर्ट रहेगा और हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। शहर की मुख्य सड़कों के साथ ही गलियों में सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की 12 चीता टीमें विशेष गश्त पर रहेंगी। शहर के छह होटलों में विशेष जलसे का आयोजन किया जा रहा है और सुरक्षा के लिहाज से हर आयोजन स्थल सीसीटीवी से लैस रहेगा। सड़क पर वाहन पार्क किया तो पुलिस वाहन जब्त कर देगी। आयोजन स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था ना होने से आयोजकों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई करेगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष तौर पर महिला पीएसी की तैनाती की गई है। दमकल वाहन भी शहर के संवेदनशील स्थानों पर मौजूद रहेंगे। 31 फर्स्ट का मौका ताड़कर शराब की ओवर रेटिंग के खिलाफ भी आबकारी विभाग विशेष चेकिंग अभियान चलाएगा।
इन बातों का रखें ध्यान
- पार्टी में जाने के लिए शराब पीकर वाहन ना चलाएं और दोपहिया वाहन चलाने समय हेलमेट का प्रयोग करें।
- बच्चों को अकेले पार्टी में ना भेजें और अगर बच्चे किसी पार्टी में शामिल होने गये हैं तो समय- समय पर उन्हें फोन कर उनके बारे में जानकारी लेते रहें।
- सड़क पर या गलियों में टेंट आदि लगाकर किसी पार्टी का आयोजन ना करें और देर रात तक डीजे बजाने से भी बचें।
- पार्टी में आने जाने के दौरान अपना लाइसेंसी असलहा भी अपने साथ ना ले जाऐं। और प्रयास करें कि वाहन चलाने के लिए अलग से चालक की व्यवस्था हो।
- समारोह स्थलों पर महिलाओं से छेड़छाड़ न करें क्योंकि तीसरी आंख की निगाह आप पर है।
- अगर आपके परिचित देर रात तक भी घर नहीं पहुंचते हैं तो पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही अपने आसपास होने वाली किसी घटना से भी पुलिस को अवगत कराएं।
- नदी नालों के आसपास पार्टी मनाने की कतई ना सोचें। अपने बच्चों को रात में बिल्कुल भी वाहन न चलाने दें।
नए साल के जश्न को देखते हुए जिले में सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम किए गए हैं। रात के समय सड़कों पर पुलिस पार्टियां गश्त पर रहेंगी। सड़कों पर हुड़दंग काटने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। सुरक्षा को लेकर दो प्लाटून पीएसी रुद्रपुर में तैनात होगी।
डॉ. सदानंद दाते, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर