जिला अस्पताल में बाइक पार्क करने को लेकर पार्किंग ठेकेदार और पीआरडी कर्मियों की मरीज के साथ आए तीमारदारों के साथ जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि तीमारदारों ने एक पीआरडी कर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। इससे मौके पर अच्छा खासा हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। इस दौरान दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को खेड़ा निवासी कुछ लोग मरीज को लेकर जिला अस्पताल आए हुए थे। इसी बीच उन्होंने बाइक पार्किंग के पास खड़ी कर दी। पार्किंग ठेकेदार के आदमी ने बाइक पार्किंग में लगाने को कहा। बाइक पार्किंग में न लगाने पर ठेकेदार के आदमी ने बाइक का प्लग निकाल लिया। यह देख खेड़ा निवासी तीमारदार युवकों और ठेकेदार के आदमी के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ी तो नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। बताया जा रहा है कि मारपीट होते देख जिला अस्पताल में ड्यूटी करने वाले पीआरडी जवान भी पहुंच गए और उन्होंने भी मरीज के साथ आए तीमारदारों से मारपीट कर दी। इससे मौके पर अच्छा खासा हंगामा हो गया। कुछ लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। इस पर किसी ने मामले की सूचना पुलिस को भी दी। सूचना पर सिडकुल चौकी के एसआई ओम प्रकाश पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस दौरान जहां मरीज के तीमारदारों ने पार्किंग ठेकेदार के आदमी और पीआरडी जवानाें पर बेवजह मारपीट का आरोप लगाया, वहीं ठेकेदार और पीआरडी जवानों का कहना था कि बाइक चोरी न हो, इसलिए बाइकों का प्लग निकाल लिया जाता है। आरोप लगाया कि उन्होंने पीआरडी कर्मी सुभाष की वर्दी भी फाड़ दी। दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसआई ओम प्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी ने भी मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी है।