एक स्टोन क्रशर के भीतर बैक हो रहे डंपर की चपेट में आकर क्रशर का सुपरवाइजर घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम रामगढ़ खोटई थाना रामकोला कुशीनगर निवासी केशव चतुर्वेदी (50) पुत्र श्रीनिवास चतुर्वेदी सुल्तानपुर पट्टी में एक स्टोन क्रशर में सुपरवाइजर था। बृहस्पतिवार रात स्टोन क्रशर में एक चालक डंपर को बैक कर रहा था। इसी बीच पीछे खड़ा केशव डंपर के टायरों की चपेट में आकर घायल हो गया।
क्रशर के कर्मचारी आनन-फानन में केशव को निजी अस्पताल ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्रशर कर्मियों ने बताया कि केशव तीन महीने पहले ही क्रशर में सुपरवाइजर बना था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
केशव पांच भाइयों में चौथे नंबर के थे। उनके एक भाई की मौत पहले ही हो चुकी है। केशव की बड़ी बेटी श्रेया (14) कक्षा नौ में पढ़ती है, जबकि छोटी बेटी श्याम भवी (12) कक्षा छह की छात्रा है। घर के मुखिया की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।