अदालत के आदेश पर दुकान को कुर्क (सीज) करने पहुंची पुलिस टीम से किरायेदार भिड़ गए। उन्होंने एसडीएम से हाथापाई और पुलिस कर्मियों से जमकर नोकझोंक की। कार्रवाई का विरोध कर रहे तीन युवकों ने आत्मदाह का प्रयास किया। इससे वहां पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। इस बीच पुलिस ने दुकान को सीज करने की कार्यवाही पूरी की।
पुलिस के मुताबिक गुड़मंडी में एक दुकान को लेकर किरायेदारों और दुकान स्वामित्व के बीच लंबे अर्से से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों में कई बार विवाद हो चुका है। शांति व्यवस्था किसी तरह से बाधित न हो, इसको देखते हुए एसडीएम कोर्ट ने दुकान को कुर्क (सीज) करने का आदेश दिया। शनिवार को एसडीएम विजय कुमार, कोतवाल जेसी पाठक और बाजार चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और दुकान खाली करवाने लगे। पुलिस की इस कार्रवाई का किरायेदार मो. शाहिद, रईस अहमद और राशिद ने विरोध करना शुरू कर दिया और अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया। जब पुलिस कर्मी दुकान का शटर गिराने लगे तो किरायेदारों और उनके समर्थकों ने एसडीएम विजय कुमार और पुलिस टीम से अभद्रता करते हुए हाथापाई कर दी। इस दौरान दुकान का शटर गिराने और उसे उठाने को लेकर जमकर धक्का मुक्की भी हुई। मामला बिगड़ता देख पुलिस कर्मियों ने सख्ती दिखाते हुए दुकान में घुस आए लोगों को जबरन बाहर निकाला और शटर गिराया। साथ ही ताला लगाते हुए उसे सील कर दिया। इस पर किरायेदारों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। इससे मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। इस बीच हंगामा काट रहे दो-तीन युवकों ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर और गैस लीक कर आग लगाने का प्रयास भी किया। इससे अफरातफरी मच गई। इस पर पुलिस कर्मियों ने छीना-झपटी कर बमुश्किल आत्मदाह का प्रयास कर रहे तीन लोगों पर काबू पाया और जबरन उठाकर कोतवाली ले गए। बाद में मौके पर किसी तरह का माहौल खराब न हो, इसके लिए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई।