पुलिस को लगातार चुनौती देते हुए चोरों ने पुराना पुल्ड हाउस के टाइप दो में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वाणिज्य कर के घर दिनदहाड़े 2.20 लाख रुपये की नगदी व जेवर उड़ा ले गए।
जैसे ही गृहस्वामिनी घर पहुंची और घर का बिखरा सामान व तिजोरी टूटी देखी तो होश फाख्ता हो गए। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने सिडकुल चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू कर दी।
वाणिज्य कर विभाग की वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनमोल राणा ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर 12.30 बजे वह बच्चों के कार्यक्रम में गई थी और शाम 05.30 बजे वापस लौटी तो दरवाजे का ताला टूटा देखा। घर के अंदर सामान बिखरा था।
चोरों ने बड़ी तसल्ली से अलमारी की तिजोरी तोड़ी और अंदर रखी पांच हजार की नगदी व 2.15 लाख रुपये के जेवर उठा ले गए। राणा ने तत्काल घटना की सूचना विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़िता ने सिडकुल चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जिस पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर तफ्तीश शुरू कर दी।
संदिग्धों का रहता जमावड़ा
पुराना पुल्ड हाउस स्थित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वाणिज्य कर विभाग अनमोल राणा के आवास पर हुई चोरी में संदिग्धों पर शक की सुई कालोनीवासियों की घूमी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अक्सर उस क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों का जमावड़ा लगा रहता है। चोरी की घटना में कहीं न कहीं इन्हीं संदिग्धों का हाथ हो सकता है। आरोप है कि संदिग्धों के घूमने की कई बार पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाए गए।
घटना के दौरान पिया ठंडा पानी व जूस
पुराना पुल्ड हाउस स्थित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनमोल राणा के आवास पर चोरों ने भयमुक्त होकर घटना को अंजाम दिया। चोरों ने बड़ी तसल्ली से फ्रिज खोलकर ठंडा पानी और रियल जूस भी पिया। जिससे साफ है कि चोर बेफ्रिक थे और पुलिस का डर नहीं था।
नहीं होती पुराना पुल्ड हाउस में पुलिस गश्त
चोरी की घटना के बाद कालोनीवासियों का आरोप था कि कालोनी की ओर कभी भी पुलिस गश्त नहीं होती है। इस संबंध में कई बार पुलिस को गश्त करने का आग्रह भी किया गया था, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कहना था कि यदि आवासों की ओर पुलिस गश्त होती, तो शायद चोरी की घटना नहीं होती और चोरों में भय होता।
दिनदहाड़े हुई दो बड़ी चोरियां
शहर में चोरों का आतंक इतना बढ़ गया है कि बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े चोरों ने सबसे पहले पुराना पुल्ड हाउस स्थित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अनमोल राणा के घर में घुसकर तिजोरी का ताला तोड़कर 2.20 लाख रुपये और दूसरी चोरी उसी दिन ही पुराना जिला अस्पताल स्थित डाक्टर कालोनी में हुई। जहां चोरों ने जिला अस्पताल के नेत्र सर्जन प्रवीण कुमार के घर पर धावा बोलकर तीन लाख रुपये की नगदी व सोना पार कर लिया था।
कही एक ही गिरोह का हाथ तो नहीं
पुराना पुल्ड हाउस के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वाणिज्य कर विभाग व पुराना जिला अस्पताल स्थित डाक्टर कालोनी के नेत्र सर्जन के आवास पर हुई चोरी की घटना को एक ही गिरोह द्वारा अंजाम देने का अंदेशा है। क्योंकि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और नेत्र सर्जन के आवास पर हुई चोरी की घटना का समय दोपहर एक या पांच बजे के आसपास है। जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि चोरियों में एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस ऐसे ही चोर गिरोह को चिन्हित करने का प्रयास कर रही है।
बेहतर तरीके से हुई रेकी
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी व नेत्र सर्जन के घर हुई चोरी को अंजाम देने से पहले चोरों ने बेहतर तरीके से रेकी की थी। वाणिज्य कर अधिकारी व नेत्र सर्जन के बाहर जाने के समय का चोरों का अच्छा ज्ञान था। जिसका चोरों ने भरपूर फायदा उठाया और घटना को अंजाम दे डाला। जिससे साफ हो गया है कि पुलिस से अच्छा चोरों का नेटवर्क व रेकी है।