रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट, फायरिंग मामले में स्टोन क्रशर के सुपरवाइजर मंजीत सिंह निवासी विलासपुर (रामपुर) यूपी की तहरीर पर पुलिस ने 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 436, 427, 379 के तहत मुकदमा दर्ज किया है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
बताते चलें कि श्री गुरु स्टोन क्रशर और ग्रामीणों के बीच हुई पंचायत में 10 फीट रास्ता छोड़ने पर सहमति बनी थी, लेकिन 14 मार्च को छोई मार्ग स्थित श्री गुरु स्टोन क्रशर का स्वामी रास्ते की ओर से बाउंड्री कर रहा था। तभी दर्जनभर ग्रामीण एकत्र होकर बाउंड्री को देखने गए थे। दस के स्थान पर सात फीट रास्ता छोड़ने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि स्टोन क्रशर स्वामी और उसके समर्थकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से चार लोग घायल हो गए थे। इस मामले में स्टोन क्रशर स्वामी जगजीत सिंह, सतनाम सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जगजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर रविवार को गांव में आयोजित पंचायत में गहरा रोष जताया। ग्राम प्रधान संघ जिलाध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानपति कदीर अहमद, मोहम्मद जान, अमीर हुसैन, मंगल खां, मोहब्बे अली, मोहम्मद उमर, जमील अख्तर, वेदप्रकाश, तिलकराज, देवराज शर्मा, रवि, मुकुंद लाल, तौफीक, कमर अली, अकमल खां, याकूब, अली अहमद मौजूद थे।