तेज आंधी से बृहस्पतिवार रात को मकान की दीवार गिरने से सिक्योरिटी गार्ड की मलबे में दबकर मौत हो गई। वह यूपी के हरदोई का रहने वाला था। दीवार की चपेट में आकर महिला समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी के बाद जिलाधिकारी, एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। जबकि घायलों को इलाज के लिए धनराशि प्रशासन ने मुहैया कराई। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इधर, आंधी से रम्पुरा में एक पेड़ गिरने से मकान को क्षति की खबर है।
यूपी के जिला हरदोई थाना बेनीगंज निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद असलम पुत्र इमामबख्श सिक्योरिटी गार्ड का कार्य करता था। वह ग्राम शिमला पिस्तौर में अनिल कुमार के मकान में किराए पर रहता था। बृहस्पतिवार की रात चली तेज आंधी से पड़ोसी पूरन के मकान की दीवार अनिल के घर पर गिर गई। जिससे मकान की छत नीचे बैठ गई और मलबे में दबकर असलम की मौत हो गई। इसी मकान में किराए पर रहने वाले हरवीर की पत्नी संध्या, पुत्र चंद्रशेखर और अंकित घायल हो गए। आंधी और बारिश बंद होने के बाद लोगों ने असलम के शव को बाहर निकाला। साथ ही घायलों को बाहर निकाल कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, मामले की जानकारी पर जिला अधिकारी डा. पंकज कुमार पांडेय, एसडीएम विजय जोगदंडे, तहसीलदार संजय कुमार ग्राम शिमला पिस्तौर पहुंचे। डीएम ने मृतक असलम के परिजनों के लिए चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी मंजूर की। साथ ही चारों घायलों को भी आर्थिक सहायता दी गई। इधर, आंधी से रम्पुरा में पाकड़ का पेड़ चंद्रपाल वाल्मीकि के मकान पर गिर गया। जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। घर में सो रहे परिवार के सदस्य हादसे में बाल-बाल बच गए।