साइकिल से घर लौट रहे पूर्व सैनिक को पीछे से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। घायल को नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद से चालक फरार है।
कुटरी निवासी पूर्व सैनिक मदन सिंह (48) पुत्र केशर सिंह साइकिल से चकरपुर बाजार से लौट रहा था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुटरी के पास टनकपुर से आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस (यूके07पीए1368) ने उसे टक्कर मार दी। घायल को आनन-फानन में नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, दोपहर बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक का एक पुत्र और एक पुत्री है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।