रंजिशन टेंट व्यवसायी और बिलासपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर दरगाह के केयर टेकर (मुजाबिर) की दिनदहाड़े हत्या कर दी है। हत्यारों ने पहले गला रेता और उसके बाद गाल से तमंचा सटाकर गोली मार दी। सूचना पर पहुंची यूपी पुलिस ने मामले की जानकारी ली। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक नई बस्ती खेड़ा निवासी खलील खान (50) टेंट और लकड़ी का व्यवसाय करते थे। यूपी, जिला रामपुर थाना बिलासपुर के करतारपुर स्थित चांदपुर दरगाह के पीछे पांच छह सालों से केयर टेकर भी हैं। वह रोज की भांति ही बुधवार की सुबह साढ़े आठ बजे चांदपुर दरगाह की व्यवस्था देखने के लिए घर से निकले। बताया जा रहा है कि जब वे चांदपुर दरगाह पर पहुंचे तो गोदी रंपुरा निवासी उनका भांजा अब्दुल अपने साथी के साथ बाइक से रुद्रपुर की ओर आ रहा था। मामा खलील से मिलकर अब्दुल रुद्रपुर की ओर आ गया। इसी बीच दो बाइकों में सवार चार युवकों ने रंजिशन खलील खान का रास्ता रोक लिया। इस दौरान उनकी जमकर गुत्थमगुत्था भी हुई। मौका पाकर बाइक सवारों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया। यही नहीं गाल पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। जिससे वह लहूलुहान हो गए। गोली की आवाज सुनकर कुछ आगे पहुंचा खलील का भांजा अब्दुल वापस आ गया। यह देख हमलावर बाइक सवार मौके से फरार हो गया। इस पर अब्दुल अपने साथी को मौके पर छोड़कर आरोपियाें को दबोचने के लिए उनके पीछे भागा। लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। इधर मौके पर अब्दुल के साथी ने आसपास के लोगों की मदद से घायल खलील को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर खलील की गोली मारकर हत्या की सूचना मिलते ही परिजन और मोहल्ले के लोग जिला अस्पताल में पहुुंच गए। सूचना पर बिलासपुर थाना के रुद्र-बिलास चौकी पुलिस एसआई विनोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।