ाजपुर कोतवाली गेट पर मृतका की बहन मनीषा को लिटका हंगामा करते परिजन।
- फोटो : amar ujala
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने से गुस्साए मृतका के परिजनों ने समर्थकों के साथ कोतवाली में प्रदर्शन कर सांकेतिक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका की घायल बहन मनीषा को कोतवाली गेट पर लिटा कर पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई। घायल किशोरी को मेडिकल के भेजने और मुकदमा दर्ज होने पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर किया।
पुलिस को सौंपी तहरीर में गांव मुंडिया कला निवासी शराफत अली ने कहा कि 12 दिसंबर को उसकी पुत्री मोबीन जहां और मनीषा को पड़ोसी अफजल और उसके परिजनों ने अपने घर बुलाकर पीटा। आरोपियों ने मोबीन जहां को जहर पिला दिया। अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव दफन कर दिया। मुकदमा दर्ज नहीं होने पर बृहस्पतिवार को परिजन समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर घायल मनीषा को कोतवाली गेट पर लेटाकर सांकेतिक धरना दिया। सीओ बीएस चौहान की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर मामला शांत हुआ। एसएसआई सुशील कुमार ने गांव मुंडिया कला निवासी अफजाल, गुल्लो, निशा, शाहजहां, जुनैद, आशु खान, सारिक, जलीस, शौयब के खिलाफ धारा 147, 323, 504, 506, 342, 452 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अंदर से बंद है आरोपियों का घर
एसएसआई सुशील कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके रिश्तेदारों के घरों पर दबिशें दी गई हैं। सभी नौ आरोपी घर से फरार हैं। घर में अंदर से बंद है। परिजनों के अनुसार घटना के बाद मृतका की छोटी बहन सदमे में है। उसका रुद्रपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतका की माता परवीन जहां भी बेटी की मौत से सुधबुध खो बैठी है।