गणतंत्र दिवस पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को मुख्य अतिथि बनाने और
पूंजीवादी गठजोड़ के खिलाफ इंकलाबी मजदूर केंद्र और पछासं सहित विभिन्न
संगठनों ने विरोध शुरूकर दिया है।
बीती रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ओबामा की भारत यात्रा के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लगा रहे दो युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। देर शाम सीओ राजीव मोहान ने बताया कि दोनों के खिलाफ उत्तरांचल सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम 2003 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ओबामा के भारत दौरे का इंकलाबी मजदूर केंद्र, पछासं, प्रगतिशील महिला एकता केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, सिडकुल जागरूक मजदूर एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। पोस्टर में देशी-विदेशी पूंजी के गठजोड़ को ध्वस्त करने की बात लिखी गई है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति को गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि बनाने का मुखालफत किया गया है।
सीओ राजीव मोहन ने बताया कि इसके चलते बुधवार की देर रात हल्द्वानी देवलचौड़ निवासी इंकलाबी मजदूर केंद्र के अध्यक्ष कैलाश भट्ट और हल्द्वानी पीलीकोठी निवासी पछास कार्यकर्ता महेंद्र सिंह शहर के रोडवेज, रामपुर रोड, किच्छा रोड, ट्रांजिट कैंप, काशीपुर रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा कर रहे थे, जिसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। इसके बाद वहां पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। साथ ही उनके पास से पोस्टर भी बरामद किए। सीओ राजीव मोहन ने बताया कि फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।