वन तस्करों ने सागौन की लकड़ी के लट्ठों से भरी पिकप जीप के लिए गेट नहीं खोलने पर वाचर को लोहे की रॉड से पीट-पीट कर अधमरा कर दिया। वनाधिकारियों ने घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
कार्बेट पार्क कालागढ़ रेंज की वन चौकी गंगापार में संविदा पर वाचर पद पर तैनात वासुदेव लखेड़ा पुत्र मंगतराम लखेड़ा शुक्रवार की रात चौकी बैरियर पर तैनात था। लगभग साढ़े ग्यारह बजे एक पिकप जीप आई। उसमें सागौन की लकड़ी के गिल्टे लदे थे। पिकप चालक ने गेट खोलने को कहा तो वासुदेव लखेड़ा के मना करने पर पिकप में सवार आधा दर्जन वन तस्करों में से एक हाथ में लोहे की राड लेकर नीचे उतरा और उसने लखेड़ा पर राड से ताबड़ तोड वार कर घायल कर दिया। लखेड़ा के बेहोश होने पर तस्कर बैरियर खोलकर पिकप लेकर फरार हो गए। लखेड़ा काफी समय तक बेहोश पड़ा रहा बाद में किसी ने देखा और वनाधिकारियों को सूचना दी। फोरेस्टर विजय पुरोहित व वन दरोगा हीरा सिंह बिष्ट ने रात में ही घायल को यहां सरकारी अस्पताल भर्ती कराया। घटना की कालागढ़ चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।