दो साल की बेटी का उपचार कराकर लौट रहे परिजनों की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्ची के पिता, बुआ और दादी गंभीर रूप से घायल हो गये। 108 सेवा की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बिंदुखेड़ा निवासी सुखपाल की दो वर्षीय बेटी सिमरन कौर पिछले कुछ दिन से बीमार चल रही थी। बुधवार को सुखपाल गांव में ही रहने वाली अपनी मौसेरी बहन कश्मीर कौर के साथ सिमरन को उपचार के लिए बाजपुर के एक डाक्टर के पास ले गया था। सिमरन की दवाई लेने के बाद सुखपाल उसे और कश्मीर कौर को लेकर सरोवरनगर गदरपुर में रहने वाली अपनी मौसी शीला कौर के घर चला गया। शीला के घर में कुछ देर रुकने के बाद शीला ने भी उनसे साथ में चलने की बात कही। इसके बाद चारों बाइक पर सवार होकर बिंदुखेड़ा के लिए रवाना हो गये। दानपुर पहुंचने पर सामने से आ रहे एक डीसीएम ट्रक ने सुखपाल की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे चारों लोग बाइक से छिटककर सड़क पर गिरे गये।
सिर में गंभीर चोट लगने से मासूम सिमरन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सुखपाल (40), शीला (55) और कश्मीर कौर (29) भी गंभीर रुप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 108 सेवा की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी।