ई-रिक्शा चालक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतका की पत्नी आत्महत्या बता रही है, वहीं परिजन हत्या करार देते हुए जांच की मांग कर रहे हैं।
शुक्रवार देर शाम गड्डा कालोनी निवासी मोहसिन (25) पुत्र शमीम ने खिड़की में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मृतक की पत्नी साइसा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम चार लोग उसके पति से मिलने घर आए थे। उन्हें चाय देने के बाद वह अपनी बहन के साथ मकान की छत में चली गई थी।
करीब दो घंटे बाद जब वह कमरे में आई तो पति कमरे की खिड़की में लगाए गए फंदे में झूल रहा था। शनिवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता शमीम और रिश्तेदारों ने इसे हत्या करार दिया है। रिश्तेदारों ने बताया कि मोहसिन मोहल्ला भूप सिंह सक्कोवाली मस्जिद के पास जसपुर का रहने वाला था। वह चार साल से गड्डा कालोनी में रहकर ई रिक्शा चला रहा था।
दो साल पहले उसने साइसा से प्रेम विवाह किया था। उसकी कोई संतान नहीं है। मृतक के मामा शरीफ अहमद ने कहा कि मोहसिन के गले में तार से घोंटने के जैसे निशान हैं। उन्होंने घटना के दौरान घर आए चार लोगों पर लोगों पर शक जताया है। पुलिस ने मृतक के घर में रहने वाली उसकी साली से कोतवाली में गहन पूछताछ की। एसएसआई लाखन सिंह ने बताया कि मृतक की साली को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। फिलहाल पुलिस के पास कोई तहरीर नहीं आई है।