पत्नी को ससुराल में छोड़ रिश्ते की भांजी के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे कृषि विभाग के कर्मी की उसके पिता और भाई ने सरेबाजार पिटाई लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों भाइयों को कोतवाली ले आई। बाद में समझौते के बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
यूपी के रोशनपुर बहेड़ी, थाना ठाकुरद्वारा, जिला मुरादाबाद निवासी एक युवक चंपावत जिले में कृषि विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है। बताया कि युवक का विवाह होने के बाद भी उसका गांव में रिश्ते की भांजी के साथ प्रेम प्रसंग हो गया। इस पर युवक अपनी पत्नी को ससुराल में ही छोड़कर भांजी को अपने साथ ले गया। फिर उसे हल्द्वानी में किराए का कमरा दिलाकर रहने लगा। बताया जाता है कि इस बीच उसके एक पुत्री भी हो गई। जब ससुराल में रह रही युवक की पत्नी को यह बात पता चली तो उसने ससुरालियों से शिकायत की। उसने कहा कि उसका पति उसे छोड़कर अन्य के साथ रह रहा है और अपने साथ नहीं ले जा रहा है। बीते मंगलवार देर शाम युवक के पिता को पता चला कि उसका पुत्र काशीपुर बाजार में आया है। इस पर वह दूसरे पुत्र को लेकर काशीपुर आ गए और उसे नगर निगम के पास दबोचकर पिटाई लगा दी।
इससे मौके पर हंगामा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों भाइयों को कोतवाली ले आई। जहां देर रात युवक के साथ रह रही कथित भांजी भी कोतवाली पहुंच गई। उसने अपने को बालिग बताकर कहा कि वह अपनी मर्जी से रह रही है। बाद में समझौते के बाद दोनों भाइयों को छोड़ दिया गया। लड़की भी लौट गई।