लापता छात्रा का छह दिन बाद भी पता न चलने से परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने कोतवाली में रोष व्यक्त किया और गांव का ही एक युवक पर छात्रा को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक के पिता और बड़े भाई को पूछताछ के लिए लाया गया है।
शनिवार को पंडरी गांव की महिलाओं ने कोतवाली में पुलिस के समक्ष नाराजगी जाहिर की। कहा कि बीती 30 मार्च को गांव की 17 वर्षीया छात्रा राजकीय बालिका इंटर कालेज में परीक्षा देने आई थी। जिसके बाद वह घर नहीं लौटी। कहा कि बीती दो अप्रैल को पुलिस ने छात्रा की गुमशुदगी दर्ज तो कर ली, लेकिन, अभी तक उसका पता नहीं लगा पाई है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक छात्रा को बहला फुसलाकर भगा ले गया। छात्रा को भगाने में युवक की भाभी और बहन ने सहयोग भी किया। महिलाओं ने आरोपी युवक को तत्काल पकड़ने और छात्रा को बरामद करने की मांग की। इस दौरान महिलाओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
सरकड़ा चौकी इंचार्ज दिनेश नाथ ने कहा कि आरोपी युवक के पिता और बड़े भाई को पूछताछ के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही युवक को पकड़ लिया जाएगा। इस मौके पर बिन्दा देवी, जीना देवी, सुशीला देवी, शकुंतला देवी, राज वती, मालती देवी आदि महिलाएं थीं।