मिस कॉल से एक महिला की युवक से दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे मुलाकात भी होने लगी। बाद में युवक ने महिला को बुलाकर उसके साथ दुराचार कर दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मूल रुप से पश्चिमी बंगाल निवासी एक महिला काशीपुर के बाजपुर रोड स्थित कालोनी में किराए पर रहती है। कुछ समय पहले महिला के मोबाइल पर एक युवक की मिस कॉल आई। धीरे-धीरे फोन पर महिला की ग्राम सरवरखेड़ा निवासी जमील अहमद से बात होने लगी और दोस्ती हो गई। मुलाकातें भी हुईं। बीते बुधवार की शाम जमील अहमद ने महिला को फोन कर महाराणा प्रताप चौक बुलाया। महिला के आने पर जमील उसे साथ लेकर अपने घर ग्राम सरवरखेड़ा पहुंच गया। महिला का आरोप है कि जमील ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुराचार किया। होश में आने पर महिला भाग निकली और पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने महिला को मेडिकल कराकर धारा 376, 328 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।