क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर गति पकड़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को शक्तिफार्म चौकी पुलिस ने रुद्रपुर से तस्करी कर शक्तिफार्म बेचने के लिए लाई जा रही एक लाख रुपये की चरस के साथ कारोबारी को धर दबोचा। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज केजी मठपाल ने बताया कि कुसमोठ तिराहा पर चेकिंग के दौरान कैनाल कॉलोनी रुद्रपुर निवासी शानू पुत्र इम्तियाज को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 130 ग्राम चरस बरामद हुई। इसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक लाख रुपये बताई जा रही है।
इस पर पुलिस ने शानू मय चरस के हिरासत में ले लिया। तस्कर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर खटीमा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। चौकी इंचार्ज मठपाल ने बताया कि धरा गया चरस तस्कर एक साल पहले रुद्रपुर कोतवाली से चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। टीम में कांस्टेबल कमल नाथ, चंदन सिंह आदि थे।