चोरी की बाइकें मुरादाबाद बेचने के फिराक में ट्रक की तलाश कर रहे अंतर्राज्यीय वाहन चोरों और पुलिस में मुठभेड़ हो गई। चोरों ने पुलिस टीम पर एक राउंड फायर भी किया। जिससे एक कांस्टेबल बाल-बाल बच गया। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को धर दबोचा।
इस दौरान पुलिस ने उनके पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया। साथ ही उनकी निशानदेही पर किच्छा बाईपास रोड स्थित पशु आहार भंडार के पीछे खंडहर से चोरी की 10 बाइकें भी बरामद कीं। पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ धारा 307, 25 आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि बुधवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य चोरी की बाइकें मुरादाबाद बेचने के लिए ले जा रहे हैं।
इसके लिए वे किच्छा बाईपास रोड पर ट्रक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर कोतवाल जेसी पाठक, ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष सुशील कुमार, आवास विकास चौकी इंचार्ज डीआर टम्टा, वाहन चोर निरोधक दस्ते की टीम के प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में टीमों ने किच्छा बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दी। इस बीच आवास विकास चौकी इंचार्ज के नेतृत्व में गठित टीम पर एक बदमाश ने तमंचे से फायर झोंक दिया। जिससे कांस्टेबल राजेंद्र कुमार बाल-बाल बच गया। यह देख जब बदमाश भागने लगे तो पुलिस की सभी टीमों ने उनका पीछा कर धर दबोचा। इस दौरान पुलिस को उनके पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा और मास्टर चाबी बरामद हुई।
पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मो.फईम पुत्र अजीजूर रहमान और इरफान पुत्र जमील अहमद निवासी उत्तर प्रदेश, जिला बरेली, थाना देवरनिया, कस्बा रिच्छा के मोहल्ला मेला बताया। बाद में दोनों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने किच्छा बाईपास रोड स्थित पशु आहार भंडार के पीछे खंडहर से चोरी की 10 बाइकें भी बरामद कीं। एसएसपी भरणे ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने छह बाइकें रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप, दो बाइकें हल्द्वानी-लालकुआं और एक-एक बाइक दिल्ली और बरेली से चोरी की बात कबूली। बताया कि वे चुराई गई बाइकें मुरादाबाद बेचने के फिराक में थे, इसके लिए वह ट्रक की तलाश कर रहे थे।