बकेवर थाना क्षेत्र के नगला बनी में सूने पड़े घर का ताला चटका कर चोर नकदी-जेवरात व कीमती सामान समेत एक लाख का माल पार कर ले गए। गृह स्वामी ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
नगला बनी निवासी मिट्ठूलाल पुत्र तिजोरी ने बताया कि बीती रात वह अपने रिहायशी घर से खाना खाकर परिवार के साथ पशुबाड़े में आकर सो गया था। सुबह जब रिहायशी घर में पहुंचा तो मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखे संदूक से दस हजार रुपये नकद के अलावा पचास हजार रुपये मूल्य के सोने चांदी के आभूषण, 15 हजार रुपये मूल्य की साड़ियां, गैस सिलेंडर तथा अन्य कीमती सामान चोर चोरी कर ले गए।
गृहस्वामी ने बताया कि गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। गृहस्वामी ने बताया कि उसने युवक के परिजनों से शिकायत की तो परिजन झगड़े पर उतारू हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने युवक को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। साथ ही पुलिस को तहरीर भी दी गई है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।