एक ही स्थान पर लगे आइडिया और वोडाफोन के टॉवर में आग लग गई। जिससे दोनों टॉवर के सारे उपकरण जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
नगर से सटे चंदन नगर गांव के बीच स्थित शैलेंद्र राय के घर के पीछे आइडिया और वोडाफोन के टावर लगे हैं। टावर में कोई चौकीदार नहीं है।
गदरपुर से एक तकनीशियन आकर टावर की देखभाल करता है। सोमवार की दोपहर तीन बजे करीब टावर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
तत्काल घटना की सूचना रुद्रपुर फायर सर्विस को दी गई। मौके पर पहुंचे फायर कर्मियों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों टावर के बीटीएस, एसएमपीएस, बैटरी बैंक, एफसीयू, एलसीयू आदि जलकर राख हो गए थे।
अलबत्ता टावर के जेनरेटर को बचा लिया गया है। टावर के तकनीशियन रामविलास सिंह ने आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई है।