नवजात शिशु को जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई। इससे आक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ निजी अस्पताल में मृतका का शव रखकर हंगामा काटा। परिजनों ने अस्पताल के डाक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। आरोपी डॉक्टर मृतका के इलाज के कागजातों की फाइल लेकर मौके से फरार हो गए। मृतका के पति ने आरोपी डाक्टरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अस्पताल के एक डाक्टर को पूछताछ के लिए उठाया है।
जसवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि मंगलवार की सुबह बसगर शक्तिफार्म निवासी कमलजीत कौर (22) पत्नी जसवीर सिंह को सुबह साढ़े छह बजे प्रसव पीड़ा हुई। जिसको लेकर आशा महेंद्र कौर परिजनों के साथ सीएचसी पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसको देखने के बाद अंयत्र रेफर कर दिया। इस पर गर्भवती महिला को एमपी चौक के पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने आपरेशन कर डिलीवरी की। नवजात शिशु (पुत्र) को जन्म देने के बाद महिला की हालत बिगड़ती चली गई।
रात भर महिला अस्पताल में भर्ती रही। परिजनों का आरोप है कि डाक्टरों ने उनको महिला से नहीं मिलने दिया। बुधवार सुबह पांच बजे डाक्टर ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे खटीमा के एक अस्पताल ले जाने की बात कही। जिस पर वह अस्पताल के दो डाक्टरों के साथ महिला को लेकर खटीमा गए। यहां डॉक्टर के न मिलने पर हल्द्वानी के कृष्णा नर्सिंग होम ले गए।
जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बृजलाल अस्पताल में भी मृतका की मौत की पुष्टि की गई। इस दौरान साथ गए अस्पताल के दो डाक्टर हल्द्वानी से खिसक लिए और यहां के डाक्टरों को मोत की सूचना दी। जिस पर आपरेशन करने वाले डाक्टर और अस्पताल का मालिक मृतका के इलाज के कागजात लेकर फरार हो गए।
परिजन मृतका को एंबुलेंस से लेकर वापस निजी अस्पताल आए और अस्पताल परिसर में ही एंबुलेंस खड़ी कर हंगामा काटा। एसएसआई अशोक कुमार मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और अस्पताल के एक डाक्टर को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आए। वहां देश सिंह, रमेश सिंह, बलजीत सिंह, सचित सिंह, रमेश सिंह, पूरन सिंह, सतनाम सिंह, कृष्णा कौर, प्रीतो कौर आदि मौजूद थे।
पंजीकरण नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
तहसीलदार आरसी गौतम ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के डाक्टर से पंजीकरण के कागजात मांगे। जिसे वह दिखा नहीं पाया। इस पर तहसीलदार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना पंजीकरण के अस्पताल संचालन पाया गया तो मामले में कार्रवाई की जाएगी। इधर, नानकमत्ता विधायक डा. पे्रम सिंह राणा ने भी अस्पताल पहुंचकर एसएसआई अशोक कुमार से आरोपी डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।