महतोष गांव में मंगलवार को बहन की शादी की तैयारी के दौरान पिता से कहासुनी के बाद पुत्र ने पेड़ से लटककर फांसी लगा ली। घटना से पूरा गांव सकते में है।
पिपलिया गांव के गोविंद विश्वास की पुत्री की मंगलवार को शादी थी। इसमें डीजे पर डांस को लेकर गोविंद विश्वास और पुत्र गौतम विश्वास (20) के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी से क्षुब्ध गौतम विश्वास अपने घर से यह कहकर चला गया कि वह अभी कुछ देर में वापस आ जाएगा।
काफी देर इंतजार करने के बाद भी जब वह नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। परिजन जब खोजबीन करते हुए करीब 1 किलोमीटर दूर जंगल में पहुंचे तो गौतम को पीपल के पेड़ पर फांसी पर झूलते पाया। यह देख उनके होश उड़ गए।
इससे खुशियों भरा माहौल मातम में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटी की विदाई के बाद जवान बेटे का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोविंद विश्वास के दो बेटे और एक बेटी थी। गौतम दूसरे नंबर का भाई था, जबकि बहन सबसे छोटी है।
बहन का रो-रोकर बुरा हाल
बहन की शादी की तैयारी में विगत कई दिनों से जुटा भाई विदाई तक नहीं देख पाया। बहन की बारात दरवाजे पर खड़ी थी। भाई की मौत के बाद बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
रक्षाबंधन पर राखी बांधने का सपना टूटा
एक सप्ताह बाद ही रक्षाबंधन का त्योहार है। बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधने के सपने देख रही थी। लेकिन उसे क्या पता था कि उसकी डोली के साथ ही भाई की अर्थी उठेगी।