क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची के बेसुध हालत में घर पहुंचने पर परिजनों ने उससे मामले की जानकारी लेने के बाद कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस पीड़िता के गांव के ही रहने वाले फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव में रहने वाला परिवार रविवार देर शाम चार वर्षीय बच्ची को लेकर सिडकुल चौकी पहुंचे। यहां मामले की जानकारी देने पर पुलिस ने उन्हें कोतवाली भेज दिया। परिजनों ने कोतवाल संजय कुमार को बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी रविवार को घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान गांव निवासी युवक पंकज उसे बहलाकर पास के एक खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
कोतवाल ने बताया कि बच्ची का मेडिकल कराने के लिए एसआई बबीता गोस्वामी के साथ उसे अस्पताल भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आरोपी पंकज के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।