शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी के पीछे रामपुर के एक गैंग का हाथ था। रामपुर पुलिस द्वारा पकड़ी गई 14 बाइकों में चार बाइक काशीपुर की है। काशीपुर पुलिस ने अदालत से रामपुर में पकड़े बाइक चोरों को रामपुर जेल से पूछताछ के लिए लाने को वारंट- बी प्राप्त कर लिया है।
बृहस्पतिवार को एसएसआई अरुण कुमार ने बताया कि रामपुर कोतवाली पुलिस ने एक अक्तूबर को एक बाइक चोर गिरोह को पकड़ा है। उनके पास से चोरी की 14 बाइक पकड़ी गई है। पूछताछ में चोरों ने 14 में से चार बाइक काशीपुर से चुराने की बात कबूल की। एसएसआई ने बताया कि काशीपुर पुलिस ने आरोपी अकरम पुत्र जावेद निवासी लाडपुर, सूरज उर्फ शिवा निवासी मनिरामपुर निवासी हायडिल कालोनी व अजय गुप्ता, रवि, दीपक निवासी रामपुर से पूछताछ और बयान दर्ज कराने के लिए एसीजेएम की अदालत से बी वारंट प्राप्त कर लिया है। अदालत ने आरोपियों को 14 अक्तूबर को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया है।