उत्तर प्रदेश से लगे ग्राम पंचायत मझोला तोक कलेक्टर फार्म में सोमवार रात पांच हथियारबंद बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर एक लाख पांच हजार की नकदी सहित लगभग साढ़े पांच लाख के जेवरात लूट लिए। घटना स्थल के पास मिलाद शरीफ का कार्यक्रम चल रहा था, जिस कारण लूटपाट की खबर आसपास के लोगों को नहीं हो पाई। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके का मुआयना किया। ग्राम प्रधान जय देवी और पूर्व प्रधान गोविंद राम ने एसएसपी निलेश आनंद भरने को डकैती की सूचना दी, जिस पर एसएसपी ने बार्डर पर गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया।
यूपी सीमा से लगे गांव कलेक्टर फार्म निवासी अख्तर हुसैन सोमवार रात मिलाद शरीफ में गए थे। घर में अख्तर हुसैन की पत्नी, पुत्रवधू अरसद यामीन एवं लड़की फूलबी थी। रात साढ़े 11 बजे हथियारों से लैस पांच बदमाश मुख्य गेट खुलवाकर अख्तर के घर में घुसे और अंदर से गेट को लॉक कर अख्तर हुसैन की पत्नी, पुत्रवधू एवं लड़की को हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया। उनसे घर की चाबी मांगी। नहीं मिलने पर बदमाशाें ने अख्तर के पुत्र अशफाक के कमरे को खंगाला और यहां रखी 25 हजार की नगदी एवं जेवरात निकाल लिए। घर में अशफाक की शादी की तैयारियां चल रही थी, जिसके लिए उन्होंने नगदी और जेवरात जुटाए थे, इसके बाद बदमाशों ने दूसरे पुत्र इकबाल के कमरे की कुंडी तोड़ी और घर की अलमारी, बक्से, ब्रिफकेश खंगाले।
पड़ोस में कार्यक्रम का शोरशराबे होने से घर के दरवाजे, अलमारियां और बक्सेे के ताले तोड़ने की आवाज दब गई। इसी बीच अख्तर कार्यक्रम से घर लौटा तो उसने गेट खोलने को आवाज दी। दो बदमाश अख्तर की पुत्रवधू यामीन पत्नी इकबाल को गेट खुलवाने ले गए। गेट खुलते ही एक बदमाश ने अख्तर की कनपटी पर तमंचा लगाकर उसे कब्जे में लिया और बेखौफ इकबाल के कमरे को खंगालकर 80 हजार की नकदी एवं महिलाओं के जेवर निकाल ले गए। गृहस्वामी अख्तर ने बताया कि उसके छोटे लड़के अशफाक की शादी होनी थी। उसकी लड़की फूलबी भी एक शादी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां आई थी। अख्तर ने बताया कि उसके दोनों पुत्र नेपाल में कारोबार करते हैं। डकैती की सूचना पर रात्रि के समय 17 मील चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने टीम के साथ मौके की रिपोर्ट तैयार की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पीड़ित की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। वहीं, गांव के ही अब्दुल करीम, आजाद हुसैन, बीडीसी शिव शंकर, निर्भय शंकर यादव, जगविंदर सिंह पप्पू आदि ने मौके पर पहुंचकर पुलिस की शिथिलता पर नाराजगी जताई और तत्काल डकैती के पर्दाफाश की मांग की।