सुल्तानपुर पट्टी कोसी नदी में राज्य सीमा पर अवैध खनन को लेकर माफियाओं के दो गुटों में फायरिंग हो गई। खबर मिलते ही यूपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फोर्स को देखते ही खनन माफियाओं के दोनो गुट फरार हो गये।
शनिवार शाम कोसी नदी के पास यूपी गांव घोसीपुरा पट्टी कला क्षेत्र में उपखनिज उठाने को लेकर दो खनन माफियाओं के बीच गाली गलौच हो गई। खबर मिलते ही दोनो गुटों के समर्थक गाड़ियों से आ धमके। देखते ही देखते दोनों गुटों में फायरिंग हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
यूपी के मसवासी (रामपुर) से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक माफिया फरार हो गए। बताते हैं कि दिनभर यूपी क्षेत्र के अंतर्गत कोसी नदी में अवैध खनन होता है। रात्रि में माफिया उत्तराखंड की सीमा आकर जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से अवैध खनन करते हैं।
ऐसा नहीं कि स्थानीय प्रशासन को अवैध खनन होने की जानकारी न हो। लेकिन सबकुछ जानते हुए पुलिस प्रशासन अनजान बना है।